बिना सूचना 60 KM साइकिल चलाकर पहुंचे कलेक्टर, निरीक्षण से मचा हड़कंप
अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह बिना पूर्व सूचना साइकिल से 60 KM दूर चंदेरी पहुंचे, जल संकट पर निरीक्षण कर अफसरों की बैठक ली, जनता से सीधा संवाद भी किया।

मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में एक अनोखी मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर आदित्य सिंह ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया। उन्होंने लगभग 60 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर चंदेरी पहुंचकर अधिकारियों की नींद उड़ा दी।
सुबह के समय गले में वीडियो कैमरा और सिर पर हेलमेट लगाए कलेक्टर जब साइकिल पर सवार होकर चंदेरी पहुंचे, तो किसी को भी उनके आने की भनक तक नहीं थी। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचकर उन्होंने ग्रामीण इलाकों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया और स्थानीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
दरअसल, चंदेरी के 13 वार्डों में पानी की सप्लाई बंद होने की शिकायतें सामने आई थीं। इसी के चलते कलेक्टर ने पहले ही सीएमओ विनय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। निरीक्षण के इस अनोखे अंदाज से पूरे प्रशासन में खलबली मच गई।
कलेक्टर आदित्य सिंह प्रदेशभर में अपने हटकर काम करने के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह कई बार साइकिल पर ही निरीक्षण करने निकल जाते हैं ताकि वे जनता से सीधे जुड़ सकें और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को करीब से देख सकें।
उनका यह प्रयास न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त करता है, बल्कि आम जनता के बीच भरोसे और पारदर्शिता को भी बढ़ाता है। उनके इस कदम की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।