Sidhi news: सीधी के इस बड़े नेता के खिलाफ भाजपा का एक्शन, फरमान जारी करते हुए पार्टी से किया बाहर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के आदेश अनुसार एक पत्र सामने आया जिसमें सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह को पार्टी से निकाला गया है

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के आदेश अनुसार एक पत्र सामने आया जिसमें सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह को पार्टी से निकाला गया है। उन पर आरोप है कि वह अशोभनीय कृत्य करते पाए गए थे जिस कारण पार्टी की छवि धूमिल हुई जिस पर कार्यवाही करते हुए पार्टी ने एक फरमान जारी किया और पार्टी से निष्कासित किया है
निष्कासन पत्र में लिखा गया कि, सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह द्वारा अशोभनीय कृत्य किया गया है, उससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। यह कृत्य असहनीय है।

अतः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मा. विष्णुदत्त शर्मा जी द्वारा श्री सुरेश सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।
लड़की ने खुद को कमरे में बंद कर लिया
बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यालय से लगा हुआ एक कार्यालय है। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। बैठक के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह इस कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद 21 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
घबराई लड़की ने खुद को कंप्यूटर रूम में बंद कर लिया। जब कार्यालय के लोग आए तो घटना का पता चला। लड़की उसी दिन रोती हुई सीधी सांसद रीति पाठक के पास पहुंची। सांसद ने उसे कार्रवाई का भरोसा दिलाया और भाजपा जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह के पास भेज दिया।
बीजेपी नेत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा
घटना के बाद भाजपा नेता नीलम पांडेय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा- 'आजकल जो हो रहा है, वह शर्मनाक है। उससे भी शर्मनाक है जिम्मेदारों की चुप्पी। अब तो हद हो गई है। दफ्तर जाने में डर लग रहा है।' इस पर भाजपा नेता बद्री मिश्रा ने भी टिप्पणी की है। इस मैसेज के बाद रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह ने एक पत्र जारी किया। इसमें लिखा, 'सीधी भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह द्वारा अभद्र कृत्य किया गया है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। इसके चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।'