Rewa News: नगर निगम वार्ड क्रमांक 26 के भाजपा पार्षद ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर निगम चेयरमैन और मेयर से वास्तु दोष पूजा कराने की मांग की है, जिसके बाद पार्षद चर्चा में आ गए हैं। इस वर्ष यहां दो पार्षदों के आकस्मिक निधन और वर्तमान पार्षद के सड़क दुर्घटना में वेंटिलेटर पर चले जाने के बाद भाजपा नेता नगर निगम में वास्तु दोष की मौजूदगी पर संदेह जता रहे हैं।

Also Read:- कर्मचारियों के लिए खुशखबरी,जानें कितनी और कैसे आपकी बढ़ेगी सैलरी, Private Company Salary Hike

उन्होंने वास्तु दोष दूर करने के लिए अनुष्ठान कराने की जरूरत पर जोर दिया है। उनका कहना है कि परिषद भवन बनने के बाद से लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो चिंता का विषय है। भाजपा पार्षद स्वतंत्र शर्मा ने मीडिया से कहा, "एक वर्ष के अंतराल में वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद वीरेंद्र पटेल और वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद संजू पटेल की आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है।

वर्तमान में वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद दारा सिंह सड़क दुर्घटना के बाद वेंटिलेटर पर हैं। जब से नया परिषद भवन बना है, तब से लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। मैंने महापौर अजय मिश्रा और नगर निगम के सभापति वेंकटेश पांडे को पत्र के माध्यम से परिषद में वास्तु दोष होने का उल्लेख करते हुए पूजा करवाने का अनुरोध किया है।

पार्षद ने आगे कहा "वर्ष 1998-93 के दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा के करीब 10 विधायकों की भी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष पंडित श्रीनिवास तिवारी ने विधानसभा में वास्तु दोष की पूजा करवाई थी। हम सनातन धर्म से हैं और अगर ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो हमारे पास शास्त्रों में इसका इलाज और निदान है। हमें इसका उपयोग करना चाहिए।

नगर निगम के चेयरमैन व्यंकटेश पांडेय ने पार्षद के अनुरोध पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "यह दुखद है कि नई परिषद को दो वर्ष पूरे हो गए हैं और हमारे दो पार्षद साथियों की अचानक मृत्यु हो गई है। जबकि एक पार्षद वेंटिलेटर पर है।

इसके अलावा एक महिला पार्षद भी अस्वस्थ हैं। पार्षद ने सुझाव दिया है कि पूजा कराने के लिए किसी वास्तुशास्त्र के विद्वान या पंडित को बुलाया जाए। सुझाव सही है, जल्द ही इस पर पहल की जाएगी और पूजा व आवश्यक अनुष्ठान भी कराए जाएंगे।

इस पूरे मामले पर महापौर अजय मिश्रा ने कहा, "पार्षद द्वारा किया गया अनुरोध उचित है। ऐसी संभावना है कि नए भवन में वास्तु दोष हो सकता है। इस भवन का भूमि पूजन मंगलवार को किया गया था। मंगलवार को भूमि पूजन करना अनुचित है जमीन की रजिस्ट्री होती है और न ही खरीद-फरोख्त होती है। वास्तु दोष के लिए पूजा पर विचार किया जाएगा।