केंद्रीय मंत्री के गायब होने से मचा हड़कंप, रेलवे और स्टाफ में अफरा-तफरी
दिल्ली से जबलपुर आते समय लापता हुए केंद्रीय मंत्री, सिहोरा में घायल हालत में मिले उनका इलाज जबलपुर में कराया गया है पुलिस जांच में जुट गई है।

दिल्ली से जबलपुर की ओर गोंडवाना एक्सप्रेस से सफर कर रहे केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव अचानक रहस्यमय तरीके से ट्रेन से लापता हो गए। शनिवार रात हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना हुई इस ट्रेन में उन्हें आखिरी बार देखा गया था। रविवार सुबह दमोह स्टेशन पर उनकी सीट खाली मिली, जिससे हड़कंप मच गया।
लगभग तीन घंटे की खोजबीन के बाद मंत्री जी 162 किलोमीटर दूर सिहोरा स्टेशन पर दूसरी ट्रेन – संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के कोच बी3 की बर्थ 57 पर पाए गए। उनके हाथ और पैर पर चोट के निशान थे।
यह हुआ था हादसा
सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग 3:45 बजे केंद्रीय मंत्री दमोह स्टेशन पर नीचे उतरे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई—बताया जा रहा है कि शुगर लेवल गिर गया था। ट्रेन के चलने पर वे दोबारा चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े और चोटिल हो गए। इस अफरा-तफरी में वे पास में खड़ी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ गए और उसमें सवार होकर सिहोरा पहुंच गए।
स्टाफ और रेलवे में मचा हड़कंप
मंत्री के लापता होने की खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन और उनके स्टाफ में खलबली मच गई। सिहोरा स्टेशन पर सुबह 6:55 बजे जब वे मिले तो प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर ले जाया गया। इस पूरी घटना पर मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हरकत में आकर मंत्री को जबलपुर पहुंचने पर पूरी सुरक्षा प्रदान की।