MP Crime News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अवधपुरी इलाके में रहने वाली एक जनरल इंश्योरेंस कंपनी की महिला मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मैनेजर का अर्धनग्न शव कमरे में मिला। महिला सात महीने से इस किराए के कमरे में रह रही थी। 22 अक्टूबर की रात वह कमरे में गई थी। 23 अक्टूबर की रात तक वह बाहर नहीं आई।

इसके बाद उसका शव कमरे से बरामद हुआ। वह राजगढ़ के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता सुनील विजयवर्गीय की भतीजी थी। पुलिस ने बताया कि लगातार कॉल करने के बावजूद बेटी ने फोन नहीं उठाया तो मां ने मकान मालिक को कॉल कर मामले की जानकारी दी।

जब मकान मालिक पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। महिला का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

TI रोशनलाल भारती के मुताबिक नेहा विजयवर्गीय (36) मूल रूप से राजगढ़ की रहने वाली थी। वह अवधपुरी स्थित निर्मल पैलेस में मकान की दूसरी मंजिल पर किराए से रहती थी और होशंगाबाद रोड स्थित एक निजी बीमा कंपनी में मैनेजर थी। नेहा ने मंगलवार रात को आखिरी बार अपने परिजनों से बात की थी।

उसने बताया कि वह घर पहुंच रही है। बुधवार को उसकी मां दिनभर फोन करती रही, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। मृतका के पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। इसके बाद मां ने नेहा के मकान मालिक को फोन किया। शाम को जब मकान मालिक कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।

काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने बांस की बल्ली लगाकर दरवाजे की कुंडी खोली तो अंदर पलंग के पास फर्श पर नेहा का शव पड़ा था। नेहा राजनीतिक परिवार से थी, लेकिन आत्मनिर्भर थी और राजनीति से अलग अपनी पहचान बनाना चाहती थी।

नेहा की मौसी नम्रता विजयवर्गीय भाजपा नेत्री हैं, उनके मौसा सुनील विजयवर्गीय राजगढ़ से नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वह शादीशुदा थी, लेकिन पति से अलग रह रही थी। दोनों का तलाक हो चुका है। वह 11 साल से अपने पति से अलग रह रही थी। नेहा की शादी उज्जैन में हुई थी।