मध्यप्रदेश में तबादला एक्सप्रेस दौड़ी तेज़, PWD ने जारी की 20 इंजीनियरों की सूची
MP में तबादला नीति लागू होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने 20 सिविल इंजीनियरों के तबादले किए, कार्यपालन व सहायक यंत्रियों को प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित किया गया।

मध्यप्रदेश सरकार की नई तबादला नीति को मंजूरी मिलने और एक महीने के लिए तबादलों पर लगी रोक हटने के बाद राज्य में तबादलों की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। अब हर दिन अलग-अलग विभागों की ओर से तबादला आदेश जारी किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इंजीनियरों की एक महत्वपूर्ण तबादला सूची जारी की है।
जारी सूची में कुल 20 अधिकारियों के नाम शामिल हैं, जिनमें 2 कार्यपालन यंत्री और 18 सहायक यंत्री शामिल हैं। खास बात यह है कि ये सभी अधिकारी सिविल शाखा से जुड़े हुए हैं। विभाग ने इन सभी को प्रशासकीय आवश्यकताओं के आधार पर तत्काल प्रभाव से एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया है।
राज्य सरकार द्वारा यह कदम प्रशासनिक कार्यों में गति और संतुलन लाने के उद्देश्य से उठाया गया है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में अन्य विभागों में भी तबादलों की लहर तेज़ी से चल सकती है।