Sidhi accident news: खबरों के मुताबिक सीधी - मुंडन के लिए मैहर मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी तूफान टैक्सी बलकार वाहन से टकरा गई। तूफान सीधी से बहरी जा रही थी और बहरी थाने के मटिहानी गांव से तूफान वाहन में 22 लोग सवार थे जो अपने परिवार के साथ अपने बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए मैहर जा रहे थे। तूफान वाहन में करीब 22 लोग सवार थे। 8 लोगों की मौत हो गई, 14 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। 9 गंभीर घायलों को इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया। 5 लोगों का इलाज जारी है। घटना सीधी बहरी मार्ग पर उपनी पेट्रोल पंप के पास हुई। मौके पर डीएसपी समेत तमाम अन्य पुलिस बल मौजूद है।

यह हादसा रात करीब दो से तीन बजे के आसपास का बताया जा रहा है। घटना सिटी कोतवाली अंतर्गत उपनी पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जाता है कि उपनी पेट्रोल पंप पर डीजल जलाकर तूफान वाहन जैसे ही सड़क पर पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जिसमें नौ लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल से रीवा रेफर किया गया है। पांच लोगों का इलाज अभी भी जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी श्रद्धालु बहरी थाना अंतर्गत मटिहानी गांव के बताए जा रहे हैं। सभी लोग साहू परिवार से थे।

मृतकों के नाम व पते इस प्रकार हैं

(1) कुंजालाल साहू पिता लखपति साहू उम्र 32 वर्ष निवासी पड़रिया

(2) एतवरिया साहू पति राजमन साहू उम्र 48 वर्ष निवासी पड़रिया

(3) गंगा साहू पिता सहदेव साहू उम्र 60 वर्ष निवासी अमिलिया

(4) एतवरिया साहू पति दीनदयाल साहू उम्र 50 वर्ष निवासी देवरी

(5) सुखराजुआ पति श्यामलाल साहू उम्र 34 वर्ष निवासी देवरी

(6) फूलकली साहू पति तीरथ साहू उम्र 50 वर्ष निवासी देवरी

(7) सुशीला साहू पत्नी लालमन साहू उम्र 40 वर्ष सभी मृतक बहरी थाना क्षेत्र के हैं, जिसमें से एक अमिलिया थाना क्षेत्र का है।

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोशल मीडिया के माध्यम से सीधी हादसे पर दुख जताते हुए लिखा कि, " सीधी के ग्राम उपनी के पास सड़क हादसे में कई लोगों के निधन एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में दिवंगत जनों को मोक्ष गति प्रदान करें एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।

CM मोहन यादव ने जताया शोक किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से दुख जताते हुए लिखा कि " सीधी जिले अंतर्गत उपनी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मैहर माता के दर्शन करने जा रहे यात्री वाहन और ट्रक की भयानक टक्कर में आठ यात्रियों की असामयिक दर्दनाक मृत्यु का अत्यंत ही दुःखद समाचार मिला है। मेरी गहरी शोक संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों के इलाज का इंतजाम किया, साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को रीवा रेफर किया गया है।

सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख एवं सामान्य घायलों को ₹50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।

सीधी सड़क हादसे पर सीएम मोहन यादव का ऐलान

भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।