IA Pratibha Pal Rewa Collctor: IAS अधिकारी प्रतिभा पाल सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। तेज तर्रार अफसरों में गिनी जाने वाली रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल को कोर्ट ने फटकार लगाई है। इसके बाद से वह सुर्खियों में हैं। एमपी हाईकोर्ट में किसान से जुड़े एक मामले की सुनवाई चल रही थी।

कोर्ट ने कलेक्टर को जवाब देने के लिए हाजिर होने को कहा था। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अपनी जगह जूनियर को भेजा तो जज नाराज हो गए और कलेक्टर प्रतिभा पाल सिंह को चार घंटे के अंदर कोर्ट में हाजिर होने को कहा। यह पहली बार नहीं है जब कलेक्टर प्रतिभा पाल सिंह सुर्खियों में रही हों।इससे पहले भी वह अच्छे काम की वजह से चर्चा में रही हैं।

यह था पूरा मामला

राजेश कुमार तिवारी किसान हैं। उन्होंने 2015 में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस याचिका में उन्होंने रीवा प्रशासन के खिलाफ शिकायत की थी। इस मामले में दस साल से कोई फैसला नहीं आया है।

रीवा कलेक्टर की ओर से कोर्ट को संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा था। इसलिए जस्टिस विवेक अग्रवाल ने रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल को 6 जनवरी 2025 को हाईकोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। ताकि मामले का जल्द निपटारा हो सके।

कोर्ट के आदेश के बावजूद कलेक्टर प्रतिभा पाल खुद हाईकोर्ट नहीं आईं। उन्होंने अपनी जगह एक जूनियर आईएएस अधिकारी को भेजा। कलेक्टर की अनुपस्थिति पर जज ने नाराजगी जताई।

कलेक्टर को चार बजे तक पेश होने को कहा

जूनियर अधिकारी को देखकर कोर्ट ने मामले की सुनवाई नहीं की। साथ ही आदेश दिया कि कलेक्टर चार बजे तक कोर्ट में पेश हों। कोर्ट के सख्त तेवर के बाद रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल वहां पहुंचीं। इसके बाद जस्टिस विवेक अग्रवाल ने उन्हें डांटा।

जस्टिस विवेक अग्रवाल ने कहा कि आपको कलेक्टर इसलिए नहीं बनाया गया है कि आप लोगों को परेशान कर सकें। आपको कलेक्टर इसलिए बनाया गया है कि आप उन्हें उनका हक दिला सकें।

प्रसव से 12 घंटे पहले तक काम किया

रीवा कलेक्टर आईएएस प्रतिभा पाल 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वे लंबे समय तक इंदौर नगर निगम की कमिश्नर रहीं हैं। अपने कार्यकाल में इंदौर नगर निगम ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

जनवरी 2021 में तत्कालीन इंदौर नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल मां बनीं। वे प्रसव से 12 घंटे पहले तक काम करती रहीं और अधिकारियों के साथ मीटिंग करती रहीं। अगले दिन उन्होंने बच्चे को जन्म दिया।

उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान भी छुट्टी नहीं ली। साथ ही मां बनने के 11 दिन बाद ही वे ड्यूटी पर लौट आईं। इस दौरान प्रतिभा पाल की खूब तारीफ हुई।