Delhi Assembly Election Congres Candidate List: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को 2 उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी। इसमें तिमारपुर से लोकेंद्र चौधरी और रोहतास नगर से सुरेशवती चौहान को टिकट दिया गया है।

इसके साथ ही कांग्रेस ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इससे पहले बुधवार देर रात कांग्रेस ने 5 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की थी। जिसमें 2 एससी उम्मीदवारों के नाम थे। बवाना सीट से सुरेंद्र कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।

रोहिणी सीट से सुमेश गुप्ता को टिकट दिया गया है। पार्टी ने करोल बाग से राहुल धानक को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा तुगलकाबाद से वीरेंद्र बिधूड़ी और बदरपुर से अर्जुन भड़ाना को मैदान में उतारा है। 14 जनवरी को कांग्रेस ने चौथी सूची जारी की थी।

इसमें 16 नाम थे। गोकलपुर सीट से उम्मीदवार बदल दिया गया। आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक धर्मपाल लाकड़ा को मुंडका सीट से टिकट दिया गया। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया गया।

3 जनवरी 2025 को कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा की। इसमें कालकाजी विधानसभा से सीएम आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को प्रत्याशी बनाया गया। अलका और आतिशी दोनों ने 14 जनवरी को नामांकन दाखिल किया।