एमपी के रीवा शहर के बजरंग नगर में देर रात फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में सत्यम तिवारी (मोरई) नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली युवक की पीठ में लगी, जिसे अमहिया पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सत्यम मोरई अनंतपुर का रहने वाला है। उसकी गिनती रीवा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधियों में होती है। उसके साथ मौजूद विनय कुमार दीपांकर ने बताया कि वे दोनों सिरमौर चौराहे से होते हुए बस स्टैंड गए थे। लौटते समय वे बजरंग नगर गेट के पास एक किराना दुकान पर रुके।

दुकान से कुरकुरे और चॉकलेट खरीदकर जैसे ही वे बाइक पर बैठने वाले थे, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और एक राउंड फायर कर दिया। गोली सीधे सत्यम की पीठ में लगी। घटना रात करीब 12 बजे की है।


सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में पुलिस की टीम तैनात है। अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है। घायल युवक सत्यम तिवारी का इलाज चल रहा है। हमलावरों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का दावा कर रही है।

हैरानी की बात यह है कि रीवा शहर में रात 12:00 बजे कौन सी किराना दुकान खुली थी? इतनी रात तक दुकान खुली रहने का क्या कारण है? क्या दुकान में कोई अनैतिक बिक्री हो रही थी? यह जांच का विषय है। रात 12:00 बजे तक दुकान खुली रहने से कई सवाल मन में आ रहे हैं।