रीवा में गैस सिलेंडर पर लाइटर पड़ते ही भड़की आग, 6 लोग झुलसे, मोहल्ला बना आग का गोला
गैस सिलेंडर में भड़की आग, एक ही परिवार के छह लोग झुलसे

रीवा शहर से सटे सगरा थाना क्षेत्र के ग्राम बकछेरा में एक घर में गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोग झुलस गए। इनमें 5 साल की बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।
परिवार के अन्य सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घटना उस समय हुई जब बंसल परिवार की महिला रसोई में खाना बना रही थी। जैसे ही चूल्हे में लाइटर जलाया गया, गैस लीक होने से अचानक आग लग गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे सिलेंडर फटने की बड़ी घटना टल गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद छह लोग आग में झुलस गए। घायलों में 5 वर्षीय साक्षी बंसल की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों में राजकली बंसल, सौरभ बंसल, आकांक्षा बंसल और सूरज बंसल शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना शाम करीब 6 बजे हुई जब गैस पाइप लीक हो रही थी और जैसे ही लाइटर जलाया गया, आग लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।