भारत बनेगा चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, सोना छुएगा ₹1.10 लाख का आंकड़ा
इकोनॉमी में ऐतिहासिक छलांग, सोने की कीमतों में नया धमाका,भारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, सोने की चमक रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर।

भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही एक नया कीर्तिमान स्थापित करने वाली है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, भारत दिसंबर 2025 तक जापान को पीछे छोड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। फिलहाल भारत की GDP 4.3 ट्रिलियन डॉलर है, जिससे वह वैश्विक स्तर पर पांचवें स्थान पर है।
वहीं, देश में सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। सोमवार, 5 मई को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में ₹1,328 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बढ़त के साथ सोने का भाव ₹95,282 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। इससे पहले यह कीमत ₹93,954 थी।
साल की शुरुआत से अब तक सोने की कीमत में कुल ₹19,120 की बढ़ोतरी हो चुकी है, और विशेषज्ञों का मानना है कि साल के अंत तक यह ₹1.10 लाख प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। दूसरी ओर, चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है और एक किलो चांदी अब ₹94,100 में उपलब्ध है।
इससे पहले 21 अप्रैल को सोना ₹99,100 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका था, जबकि 28 मार्च को चांदी ने ₹1,00,934 प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था।