सतना थाना परिसर में आरोपी ने प्रधान आरक्षक पर चलाई थी गोली, 10 दिन बाद उपचार के दौरान हुई मौत
सतना के जैतवाड़ा थाने में 28 अप्रैल की रात आरोपी आदर्श शर्मा उर्फ अच्चू की गोली लगने से घायल हुए हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग का निधन हो गया है।

सतना के जैतवाड़ा थाने में 28 अप्रैल की रात आरोपी आदर्श शर्मा उर्फ अच्चू की गोली लगने से घायल हुए हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग का निधन हो गया है। दिल्ली के मैक्स अस्पताल में शुक्रवार सुबह 8:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। एसपी आशुतोष गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि की है। प्रिंस गर्ग का पहले मेडिकल कॉलेज रीवा में इलाज चल रहा था। फिर उन्हें रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की देर रात उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें दोपहर 1:20 बजे पीएम श्री एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया।
आरोपी ने मारी थी कंधे में गोली
आपको बता दें कि आरोपी आदर्श शर्मा उर्फ अच्चू ने 28 अप्रैल की रात करीब 12:00 बजे जैतवाड़ा थाना परिसर स्थित बैरक में खाना खा रहे हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग को गोली मार दी थी गोली उनके कंधे के पास लगी थी। घायल का सीटी स्कैन कराया गया। सीटी स्कैन में गोली शरीर के अंदर नहीं पाई गई। एहतियात के तौर पर हेड कांस्टेबल गर्ग को मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि हाई प्रोफाइल गोलीकांड में घायल हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग 10 दिनों से रीवा में भर्ती थे। चिकित्सा मंत्री से लेकर आईजी, कलेक्टर, एसपी सभी उनकी हालत पर नजर रख रहे थे। इसके बावजूद उन्हें पता नहीं चल पाया कि हेड कांस्टेबल के कंधे पर इंफेक्शन बढ़ता जा रहा है। उनकी हालत गंभीर होने पर 7 मई की देर रात उन्हें रीवा से एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया।
जबकि परिजन उन्हें बाहर ले जाने की मांग करते रहे। लेकिन हेड कांस्टेबल को मेडिकल कॉलेज से मिनर्वा निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। जहां उनकी हालत और बिगड़ गई। हेड कांस्टेबल को गोली मारने वाले आरोपी आदर्श शर्मा को एनकाउंटर के दौरान पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। इस खबर के बाद प्रिंस के पैतृक गांव महादेव में मातम का माहौल है।