MP News: बेटी को नहीं पसंद था रिश्ता: दुल्हन की मर्जी सुन पिता ने मार दी गोली, मध्य प्रदेश में चौकाने वाली वारदात
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी 20 साल की बेटी की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी, क्योंकि वह परिवार की मर्जी से शादी नहीं करना चाहती थी। गोली मारने के बाद पिता पिस्टल लहराता रहा। शादी से चार दिन पहले हुई इस हत्या …

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी 20 साल की बेटी की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी, क्योंकि वह परिवार की मर्जी से शादी नहीं करना चाहती थी। गोली मारने के बाद पिता पिस्टल लहराता रहा। शादी से चार दिन पहले हुई इस हत्या ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पिता ने अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। आदर्श नगर महाराजपुरा में रहने वाली छात्रा की चार दिन बाद 18 जनवरी को शादी होने वाली थी। घर में तनु की शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक उसका पिता महेश गुस्से से आगबबूला होकर पहुंचा और पिस्टल से अपनी बेटी के चेहरे पर गोली मार दी।
गोली लगते ही तनु बेहोश हो गई। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो तनु का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसका चेहरा पूरी तरह से क्षत-विक्षत था। उसके पिता पिस्टल लेकर खड़े थे और उसका चचेरा भाई राहुल देसी तमंचा लेकर खड़ा था। तनु के पिता महेश सिंह हाईवे पर ढाबा चलाते हैं।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह और सीएसपी महाराजपुरा मौके पर पहुंचे। दोनों मौके पर पहुंचे तो महेश हवा में पिस्टल लहरा रहा था। किसी तरह पुलिस ने उसे काबू किया। पता चला है कि तनु शादी नहीं करना चाहती थी। उसकी मर्जी के बिना यह शादी तय हुई थी। बताया गया कि आरोपी महेश सिंह को अपनी बेटी का शादी से इनकार करना पसंद नहीं था। घटनास्थल पर यह भी चर्चा रही कि तनु शादी नहीं करना चाहती थी। उसकी मर्जी के बिना यह शादी तय हुई थी। दो दिन पहले उसने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया था। इसमें वह कहती नजर आई थी कि उसकी शादी जबरन कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस को यह वीडियो नहीं मिला है।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया है कि घटना में युवती का चचेरा भाई राहुल भी शामिल है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चचेरा भाई फरार है। युवती शादी नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते यह हत्या की गई। फोरेंसिक एक्सपर्ट वरिष्ठ वैज्ञानिक अखिलेश भार्गव भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है।