Sidhi news:प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीधी में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला आयोजित

Share With Others

Sidhi news:सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने युवाओं को कानून, अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश

कार्यशाला में विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी देने के साथ कराया गया डायल-112 एवं थाना कोतवाली का भ्रमण

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीधी (संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी महाविद्यालय) में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को कानून, उनके अधिकारों, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक करना और पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाना रहा।

कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, महाविद्यालय के प्राचार्य के.एस. नेताम, रेडियो प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र करवेती, थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी एवं पुलिस लाइन से उप निरीक्षक तरुण बेड़िया सहित लगभग 200 विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मुकेश कुमार यादव ने किया तथा मंच का संचालन डॉ. दिलीप कुमार सोनी द्वारा किया गया अंत में डॉ.अनिल कुमार सिंह द्वारा महाविद्यालय की तरफ से आये हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया गया ।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को सामुदायिक पुलिसिंग, आपराधिक न्याय व्यवस्था, नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, हिंसा की रोकथाम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, पुलिस हेल्पलाइन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपयोगिता समझाते हुए युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, उनके अधिकारों तथा विभिन्न कानूनों के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला के अंतर्गत प्रतिभागियों को *डायल-112 इकाई एवं थाना कोतवाली का भ्रमण* कराया गया। इस दौरान उन्हें आपातकालीन पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली, संकट की स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों से अवगत कराया गया। इस व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी का वक्तव्य

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि युवा समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। कानून, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक युवा न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वर्तमान समय में साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे की प्रवृत्ति एवं सड़क दुर्घटनाओं जैसी चुनौतियों के प्रति युवाओं का जागरूक होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना विकसित करना, कानून के प्रति विश्वास बढ़ाना तथा नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना भी है। इस प्रकार की कार्यशालाएं पुलिस और युवाओं के बीच की दूरी कम करने तथा युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में सहायक हैं।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे कानून का पालन करें, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, नशे से दूर रहें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति या अपराध की जानकारी मिलने पर उचित माध्यम से पुलिस को सूचित करें।

कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। साथ ही, पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में सार्थक पहल की गई.

Leave a Comment