Rewa news: रीवा। संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी कार्यवाही की है। इलाज में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में ड्यूटी पर तैनात दो महिला डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हटवा निवासी प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था और डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे।
डिप्टी सीएम की नाराजगी पर एक्शन
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कड़ी नाराजगी जताई और त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल द्वारा दोनों चिकित्सकों के निलंबन का आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के मुताबिक, स्त्री रोग गायनी विभाग की डॉ. सोनल अग्रवाल और निश्चेतना एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. निधि पांडे को प्रथम दृष्टया पदीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही का दोषी पाया गया है।

अस्पताल महकमे में मचा हड़कंप
उल्लेखनीय है कि घटना के तुरंत बाद ही प्रारंभिक जांच के आधार पर दो नर्सिंग ऑफिसरों को निलंबित कर दिया गया था। अब दो डॉक्टरों पर निलंबन की गाज गिरने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप का माहौल है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
