Rewa news; रीवा। शहर के समान तिराहे के पास शराब दुकान के सामने स्थित फ्लाईओवर पर बुधवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, फांसी का फंदा गले से खुल जाने के कारण युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।
Rewa news; मुंबई से लौटा था युवक, नशे की हालत में उठाया कदम
घायल युवक की पहचान मनसुख लाल साकेत निवासी हनुमानगढ़, सेमरिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक नशे की हालत में था। घटना की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी ममता साकेत भी अस्पताल पहुंचीं।
हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें
पत्नी ममता ने बताया कि मनसुख एक दिन पहले ही मुंबई से रीवा वापस लौटा था। उसने बैंक से 3,000 रुपये निकाले, जिसके बाद उसने शराब पी और फिर फ्लाईओवर पर जाकर फांसी लगाने का प्रयास किया।
Rewa news; पत्नी ने शक्की स्वभाव और मारपीट का लगाया आरोप
ममता साकेत ने बताया कि उनके पति का स्वभाव काफी शक्की है। यदि वह उन्हें किसी से बात करते हुए देख लेते हैं, तो बेवजह शक करने लगते हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले मनसुख ने उनके साथ मारपीट भी की थी।
ममता रीवा के पोखरी टोला में रहकर मजदूरी करती हैं और प्रतिदिन करीब 600 रुपये की दिहाड़ी से अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी दो साल की बेटी गांव में रहती है।
Rewa news; पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
रीवा शहर ASP भावना मरावी ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास की सूचना मिलते ही समान पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में युवक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अमर मिश्रा ‘हरित प्रवाह’ समाचार पत्र के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें डिजिटल मीडिया और समाचार संपादन का लंबा अनुभव है।
