Rewa news: शादी की खुशियां मातम में बदली: दबंगों की प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहित युवक ने की खुदकुशी

Share With Others

Rewa news; रीवा जिले के बरौ गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां महज 20 दिन पहले परिणय सूत्र में बंधे एक युवक ने दबंगों की धमकी और मारपीट से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस घर में अभी शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

हरित प्रवाह के साथ अपडेट रहें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विद्यांशु सौंधिया (25) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों के साथ पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर पिछले 2-3 वर्षों से विवाद चल रहा था। मृतक की मां और बहन ने बताया कि आरोपी लगातार विद्यांशु को प्रताड़ित कर रहे थे।

मारपीट और जान से मारने की धमकी

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के एक दिन पूर्व दोपहर में दबंगों ने विद्यांशु को रास्ते में रोककर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे खुलेआम धमकी दी थी कि अगर आज जिंदा बच गए, तो कल तुम्हें नहीं छोड़ेंगे।” इस धमकी से विद्यांशु काफी डरा हुआ था। घर लौटने के बाद उसने किसी से ज्यादा बात नहीं की और रात में कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली।

20 अप्रैल को हुई थी शादी

परिजनों ने रोते हुए बताया कि विद्यांशु बाहर रहकर काम करता था। बीते 20 अप्रैल को ही उसकी शादी हुई थी। घर में नई बहू के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन दबंगों के खौफ ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा जहां पोस्टमार्टम की कार्यवाई हुई।

Leave a Comment