Rewa news: रीवा संभाग में ‘जन चौपाल’ से होगा अपराधों का सफाया, आईजी गौरव राजपूत ने पेश किया पुलिस की सफलताओं का रिपोर्ट कार्ड
रीवा। रीवा संभाग के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने पुलिस कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धियों को गिनाया, वहीं दूसरी ओर जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करने के लिए ‘जन चौपाल’ जैसे नवाचार की घोषणा भी की।
Rewa news: NDPS के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’: 1142 तस्कर गिरफ्तार
आईजी गौरव राजपूत ने बताया कि पिछले एक साल में रीवा पुलिस ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है। NDPS एक्ट के तहत की गई कार्रवाई के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक कुल 1142 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि रीवा पुलिस की इस सक्रियता का असर पड़ोसी राज्यों में भी देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बड़े तस्करों पर शिकंजा कसा गया है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के माध्यम से अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर भी चोट की गई है।
अब थाने नहीं, आपके द्वार आएगी पुलिस: ‘जन चौपाल’ की शुरुआत
प्रेस कॉन्फ्रेंस का सबसे अहम हिस्सा पुलिसिंग के मानवीय चेहरे और जन-संवाद पर केंद्रित रहा। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गाँवों में लगेगी चौपाल अब हर थाने के अंतर्गत आने वाले गाँवों में पुलिस खुद जाकर ‘जन चौपाल’ लगाएगी।
फरियादियों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अब थाने के चक्कर काटने या घंटों बैठने की जरूरत नहीं होगी। पुलिस मौके पर ही उनकी शिकायतें सुनेगी और उनका त्वरित निराकरण करेगी।
हर थाने की कार्यप्रणाली पर वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी न हो।
नशे और अवैध व्यापार पर प्रहार
मीडिया से चर्चा करते हुए राजपूत ने कहा कि नशीली सिरप और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से आने वाली शिकायतों का निराकरण अब और अधिक पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि आम जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना है। जन चौपाल के माध्यम से हम हर ग्रामीण और शहरवासी तक पहुँचेंगे ।
