Crime news: मैहर में सनसनी: युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, औद्योगिक क्षेत्र में मिला शव
Crime News: Sensation in Maihar: Youth Murdered—Crushed with a Stone; Body Found in Industrial Area
Crime news: मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत पड़का औद्योगिक क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात से लापता युवक का शव आज सुबह औद्योगिक क्षेत्र के सुनसान इलाके में क्षत-विक्षत हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक युवक की पहचान राजभान के रूप में हुई है, जो कल देर शाम से ही लापता था। परिजनों के अनुसार, राजभान कल रात अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह औद्योगिक क्षेत्र में तलाश के दौरान परिजनों को उसका शव मृत अवस्था में पड़ा मिला।
Crime news: पहचान छिपाने के लिए की बर्बरता
हत्यारों ने वारदात को बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से अंजाम दिया। मृतक की गला रेतकर हत्या की गई है। इतना ही नहीं, हत्यारों ने राजभान की पहचान छिपाने की नीयत से उसके चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया था।
Crime news: पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और अमरपाटन पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते और एसडीओपी ख्याति मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वॉड: साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस बारीकी से घटनास्थल की जांच कर रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचने के लिए कोई सुराग मिल सके। पोस्टमार्टम: पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
फिलहाल, पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की ठोस वजह और दोषियों का पता लगाया जा सके। इस नृशंस हत्या के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
