मध्य प्रदेश

Rewa news: खाद्य सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को मिलेगा दो-दो माह का खाद्यान्न

Share With Others

Rewa news: रीवा खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र राशन कार्डधारियों को हर महीने निर्धारित मात्रा में उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं को मार्च-अप्रैल तथा मई-जून माह का खाद्यान्न एक साथ दिया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार मार्च और अप्रैल माह का खाद्यान्न उचित मूल्य दुकानों में उपलब्ध कराकर इसका 15 अप्रैल तक वितरण किया जाएगा। मई और जून माह का खाद्यान्न 15 अप्रैल से 15 मई की अवधि में उचित मूल्य दुकानों में भण्डारित किया जाएगा। इसका राशन कार्डधारियों को वितरण एक मई से 31 मई तक किया जाएगा। मार्च माह का खाद्यान्न उचित मूल्य दुकानों में जारी किया जा चुका है। इसके साथ अप्रैल माह के खाद्यान्न का वितरण कराएं। खाद्यान्न का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से कराएं।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, जिला आपूर्ति नियंत्रक तथा सहायक आपूर्ति अधिकारियों को आवंटित खाद्यान्न का समय पर वितरण कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि उचित मूल्य दुकानों से हितग्राहियों को खाद्यान्न, शक्कर एवं नमक का पात्रता के अनुसार वितरण कराएं। जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम जारी ऑनलाइन आवंटन के अनुसार उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की आपूर्ति कराएं। खाद्यान्न तथा अन्य सामग्री उचित मूल्य दुकान पहुंचने पर परिवहनकर्ता को तत्काल पीओएस मशीन से ऑनलाइन पावती प्रदान करें। हितग्राहियों को दो-दो माह का खाद्यान्न एक मुश्त प्रदान करें। एसडीएम राजस्व तथा खाद्य विभाग के अधिकारियों से उचित मूल्य दुकानों में भण्डारित और वितरित खाद्यान्न का सत्यापन कराएं। पात्र परिवारों को वितरित खाद्यान्न की मात्रा का विवरण पीओएस मशीन के माध्यम से दर्ज करके उसे पावती दें। हर पात्र राशन कार्डधारी को दो-दो माह का खाद्यान्न वितरित कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *