राजनीति

Aam admi party: आम आदमी पार्टी को रीवा में बड़ा झटका: जिला अध्यक्ष राजीव सिंह परिहार का इस्तीफा मचा हड़कंप

Share With Others

Aam admi party: रीवा। नगर निगम और पंचायत चुनावों से ठीक पहले रीवा में आम आदमी पार्टी  को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा के इस्तीफे के बाद अब शहरी जिलाध्यक्ष एडवोकेट राजीव सिंह परिहार  ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर को भेज दिया है

मीडिया चर्चा के दौरान राजीव सिंह परिहार ने अपने इस्तीफे के पीछे कई गंभीर कारण गिनाए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं केवल रबर स्टैंप अध्यक्ष बनकर नहीं रहना चाहता, जहां केवल सील लगाने की जिम्मेदारी हो।” उन्होंने संगठन के भीतर बोलने की आजादी पर लगी बंदिशों और शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप को लेकर भी असंतोष जाहिर किया।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

राजीव सिंह परिहार ने बताया कि पेशे से अधिवक्ता होने के कारण वे संगठन को शत-प्रतिशत समय नहीं दे पा रहे हैं, जबकि आगामी चुनावों के लिए सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है।

उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान में संगठन में ऐसे लोग ऊंचे पदों पर आ गए हैं जिन्हें पार्टी की बुनियादी विचारधारा या इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि पार्टी फोरम पर पुराने और संघर्षशील साथियों के साथ अन्याय होगा, तो वे पद के लालच में चुप नहीं बैठ सकते।

राजीव सिंह परिहार  अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में सक्रिय थे। उनके कार्यकाल में ‘आप’ ने रीवा नगर निगम चुनाव में 9000 से अधिक वोट पाकर भाजपा और कांग्रेस जैसे स्थापित दलों को कड़ी चुनौती दी थी। साथ ही भाजपा कार्यालय का घेराव और तालाबंदी जैसे आंदोलनों में भी उनकी प्रमुख भूमिका रही थी।

इस्तीफे के बावजूद पूर्व जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि वे पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह देश के ईमानदार नेता हैं। मैं पद पर न रहकर एक साधारण सदस्य के रूप में पार्टी की ‘रीढ़’ को मजबूत करने का काम करता रहूंगा।” उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका उद्देश्य चुनाव लड़ना या टिकट पाना कभी नहीं रहा।

अब देखना यह होगा कि चुनावों के मुहाने पर खड़े रीवा में आम आदमी पार्टी इस रिक्त पद को कैसे भरती है और इस इस्तीफे का स्थानीय राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *