मध्य प्रदेश

MP News: मध्य प्रदेश में 8.5 लाख नए आवास स्वीकृत, 16 लाख लोगों को मिले पक्के मकान, शिवराज सिंह चौहान का ऐलान

MP News today: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले। पूरे देश में अभी तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिलवाए जा चुके हैं

MP News today: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले। पूरे देश में अभी तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिलवाए जा चुके हैं। मध्यप्रदेश में पुराने सर्वे के अनुसार 16 लाख हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने हैं, आज मध्यप्रदेश को 8.5 लाख नए आवास मिले हैं। इसके बाद पुनः सर्वे कराया जाएगा, कोई भी गरीब पक्के मकान के बिना नहीं रहेगा। मध्यप्रदेश में “हर गरीब को पक्का मकान” उपलब्ध कराने का संकल्प पूरा होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को विदिशा में “प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन लक्ष्य का आवंटन” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया और लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने क्षेत्र के लिए 177 करोड़ 53 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारा एक ही ध्येय है विकास, विकास और विकास। हम इसकी प्राप्ति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आने वाले 4 वर्षों में प्रदेश के बजट को दोगुना कर दिया जाएगा। हर क्षेत्र का विकास होगा। हर गरीब को पक्का मकान सहित सारी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश में गरीब, महिला, युवा और किसानों के लिए विशेष मिशन चलाए जा रहे हैं। सभी का कल्याण हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दो बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) तथा अन्य सिंचाई परियोजनाओं से सिंचाई के रकबे में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वर्ष-2003 में जो 7 लाख हेक्टेयर ही था, अब बढ़कर 48 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। हर एक खेत को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने किसानों से कहा कि कुछ समय बाद हम कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ेंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी समय में विदिशा क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर को मिलाकर वृहद राजधानी परियोजना बनाई जा रही है। इसके लिए मास्टर प्लान शीघ्र ही तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं की। उन्होंने घोषणा की कि विदिशा नगर पालिका को नगर निगम बनाया जाएगा तथा विदिशा मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को एकीकृत कर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में रिकार्ड समय में बने ग्रामीण आवास: केंद्रीय मंत्री श्री चौहान

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास और प्रधानमंत्री जनमन आवास रिकॉर्ड समय में बनाए गए। प्रधानमंत्री जनमन योजना में पहली सड़क भी मध्यप्रदेश में बनाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में आज मध्य प्रदेश को 8 लाख 21 हजार 190 आवास दिए जा रहे हैं, आगामी अप्रैल मई में इतने ही आवास प्रदेश को और दिए जाएंगे। उन्होंने आवासों की स्वीकृति से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सौंपा।

केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि जो गरीब आवास लेने से छूट गए हैं उनके लिए पुनः सर्वे कराया जा रहा है। अब सेल्फ-सर्वे की सुविधा भी सरकार दे रही है। उन्होंने बताया कि अब पात्रता की शर्तों में छूट दी गई है, जिसके अनुसार दो पहिया वाहन वाले, 15 हजार रूपये तक वार्षिक आय वाले और ढाई एकड़ तक सिंचित तथा 5 एकड़ तक असिंचित भूमि वाले हितग्राही भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र होंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 2011 की जनसंख्या के अनुसार 500 की आबादी वाले तथा 250 की जनजातीय आबादी वाले गांव भी पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को ग्रीन हाउस, पॉली हाउस, कृषि यंत्र, ड्रिप इत्यादि योजनाओं के अंतर्गत 384 करोड़ रुपए पूर्व में प्रदेश को दिए गए थे अब 435 करोड रुपए और दिए जाएंगे। लखपति दीदी बनाने के लिए एनआरएलएम योजना के अंतर्गत प्रदेश को 312 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि दी गई है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल ने प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जिस गति से ग्रामीण आवास का कार्य चल रहा है उसके चलते वर्ष 2026 तक हर गरीब का अपना पक्का मकान होगा। उन्होंने बताया कि पिछड़ी जनजातियों के लिए चलाई जा रही प्रधान मंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 46 हजार मकान बनाकर मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। जनजातीय क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जन सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।

 

अमर मिश्रा

मेरा नाम अमर मिश्रा है और मैं मध्यप्रदेश के रीवा जिले का निवासी हूं। मैंने अपनी स्नातक की पढ़ाई B.Com / CA अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APSU) से पूरी की है। मुझे मीडिया जगत में काम करते हुए  लगभग 9 साल से ज्यादा का अनुभव है।मैंने 2016 में रीवा जिले में पत्रकारिता की शुरुआत की थी और FAST INDIA NEWS से अपने कैरियर की शुरुआत की। इसके बाद, 2017-18 में मैंने मध्यप्रदेश जनसंदेश और आंखों देखी लाइव में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं। 2019 में, मैंने अमरकीर्ति समाचार पत्र में रीवा ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्य किया। 2019-20 से, मैं HARIT PRAWAH समाचार पत्र का सम्पादक हूँ।अपने पत्रकारिता करियर के दौरान, मुझे सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करने के लिए कई बार सम्मानित किया गया है। मेरी कोशिश हमेशा यही रही है कि मैं अपने पाठकों को सच्ची और प्रामाणिक खबरें प्रदान करूं।पत्रकारिता के क्षेत्र में मेरी यह यात्रा निरंतर जारी है और मुझे विश्वास है कि भविष्य में भी मैं अपने पाठकों के लिए विश्वसनीय और सटीक समाचार प्रदान करता रहूंगा।संपादक - अमर मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button