Rewa news: रीवा: प्रकाश तिवारी की मौत मामला, पुलिस ने एक्सीडेंट बताया, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रीवा जिले के डभौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रकाश नारायण तिवारी की संदिग्ध मौत का मामला अब गरमाता जा रहा है। जहां एक ओर परिजन इसे सुनियोजित हत्या करार दे रहे हैं, वहीं पुलिस की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने इसे एक सड़क दुर्घटना की ओर इशारा किया है
Rewa news: सीसीटीवी फुटेज और यूपीआई पेमेंट बना अहम सबूत
पुलिस जांच के दौरान डभौरा स्थित एक शराब दुकान का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जांच अधिकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश नारायण तिवारी घटना से कुछ समय पहले शराब दुकान पर देखा गया था। फुटेज में वह अपने एक साथी के साथ शराब खरीदते और ₹200 का यूपीआई (UPI) पेमेंट करते हुए स्पष्ट नजर आ रहा है। पुलिस ने मृतक के उस साथी का बयान भी दर्ज किया है, जिसने साथ में शराब पीने की पुष्टि की है।
Rewa news: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ‘हेड इंजरी’ का जिक्र
पुलिस को प्राप्त हुई प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रकाश की मौत का कारण सिर में आई गंभीर चोट (Head Injury) बताई गई है। पुलिस का कहना है कि चोट के निशान किसी हमले के बजाय गिरने या वाहन दुर्घटना जैसे प्रतीत होते हैं। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम और एडिशनल एसपी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर इसे सड़क हादसा ही बताया है।
Rewa news: परिजनों के बदलते बयान और पुलिस की सफाई
घटना के बाद से ही परिजनों के बयानों में विरोधाभास देखा जा रहा है। परिजनों ने पहले पुलिस को चुनौती दी थी कि यदि उनका भाई शराब पीते हुए पाया गया, तो वे मामला वापस ले लेंगे। हालांकि, अब वे पुलिस पर जातिवाद और जांच को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। परिजनों का दावा है कि यह एक सोची-समझी हत्या है जिसे एक्सीडेंट का रूप दिया जा रहा है।
Rewa news: जांच अभी भी जारी
पुलिस ने उन संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की है जिन पर परिजनों ने आरोप लगाए थे, लेकिन फिलहाल किसी का कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और खाते के लेनदेन की भी जांच हुई है जिसमें केवल ₹8500 की राशि पाई गई।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी और किसी भी निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।
