मऊगंज घटना कांड अपडेट: डीजीपी पहुंचे रीवा अधिकारियो को दिए कड़े निर्देश

मऊगंज हत्याकांड के बाद रीवा व मऊगंज पहुचे DGP घटना स्थल का लिया जायजा कार्यवाही के दिये निर्देश;

Update: 2025-03-16 12:43 GMT

 एमपी के मऊगंज जिले में पुलिस पर हुए हमले और दो लोगों की हत्या के मामले को प्रदेश पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इसी क्रम में प्रदेश पुलिस के मुखिया कैलाश मकवाना रीवा पहुंचे। उन्होंने इस घटना के संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और घटना की पूरी जानकारी ली।

इसके बाद डीजीपी कैलाश मकवाना संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हमले में घायल तहसीलदार, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछने का प्रयास किया, लेकिन डीजीपी सभी सवालों का जवाब नहीं दे सके।

कल मऊगंज जिले के साहपुर थाना क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार ने कथित तौर पर एक युवक की हत्या कर दी थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला हुआ। इस हमले में एसएफ के एएसआई की मृत्यु हो गई, जबकि तहसीलदार समेत दर्जनभर पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना के बाद प्रदेश पुलिस प्रमुख कैलाश मकवाना ने रीवा पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और मामले की जानकारी ली। संजय गांधी अस्पताल से वे सीधे मऊगंज के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने घटना की जांच और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस और प्रशासन ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, यह भी आरोप है कि स्थानीय थानों में प्रभावशाली लोगों का दबदबा है, जिसके कारण पुलिस निष्पक्ष तरीके से कार्यवाही करने में असमर्थ है।

घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि आखिर ऐसे हमले क्यों हो रहे हैं और क्या पुलिस-प्रशासन पर राजनीतिक दबाव इसके लिए जिम्मेदार है। साथ ही, क्षेत्र में लंबे समय से आईजी की नियुक्ति न होने को भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है।

मऊगंज की यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली और राजनीतिक हस्तक्षेप पर भी गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। उम्मीद है कि प्रदेश सरकार और पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

Tags:    

Similar News